
Palamu: पलामू जिले के मनातू स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शुक्रवार को समाहालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त (डीसी) दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में स्कूल प्रबंधन समिति की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में स्कूल की बुनियादी समस्याओं को दूर करने, पुरानी इमारतों की मरम्मत, बिजली-पानी की व्यवस्था और पक्की सड़क बनाने जैसे जरूरी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इमारतों की मरम्मत और रंग-रोगन की योजना
बैठक के दौरान स्कूल की पढ़ाई वाली बिल्डिंग, लड़के और लड़कियों के हॉस्टल, प्रिंसिपल आवास और स्टाफ क्वार्टर की मरम्मत कराने पर सहमति बनी। इन सभी इमारतों का रखरखाव करने और रंग-रोगन (पेंट) कराने के लिए जल्द ही बजट तैयार करके नियम के मुताबिक काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

साइंस लैब्स होंगी अपग्रेड, बिजली-पानी का संकट होगा दूर
छात्रों की प्रैक्टिकल पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब्स में नए स्लैब, स्टैंड और पानी की पाइपलाइन लगाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, बिजली की बार-बार होने वाली कटौती से निपटने के लिए स्कूल को शहरी बिजली फीडर से जोड़ने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि पानी और खाने की परेशानी न हो। साथ ही हॉस्टल में पानी की किल्लत दूर करने के लिए नए चापाकल (हैंडपंप) भी लगाए जाएंगे।
खेल के मैदान में नाला और बंसीखुर्द से सड़क निर्माण की मांग
बरसात के दिनों में स्कूल के खेल मैदान में पानी के बहाव से ढलान बन जाती है, जिससे बच्चों को खेलने में दिक्कत होती है। इसके लिए मैदान के किनारे पक्का नाला बनाकर उसे ढकने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा बंसीखुर्द गांव से स्कूल तक पक्की सड़क न होने का मुद्दा भी उठा, जिससे गाड़ियों और परिजनों के आने-जाने में दिक्कत होती है। इस सड़क को जल्द बनाने पर भी जोर दिया गया ताकि बच्चों को पढ़ाई का सुरक्षित और बेहतर माहौल मिल सके।


