
Gumla: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आरंगी जाताटोली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और साथ बैठी एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना देकर तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा भिजवाया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घाघरा में तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बाइक चालक बिंदेश्वर उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल उसकी पत्नी सुनैना उरांव और साथ में बैठी युवती रिया उरांव की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। दोनों घायलों की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।

सिसई बाजार से खरीदारी कर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार आरंगी टंगरा टोली निवासी बिंदेश्वर उरांव अपनी पत्नी सुनैना उरांव और रिश्तेदार युवती रिया उरांव को बाइक पर बैठाकर सिसई बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वे घाघरा थाना क्षेत्र के आरंगी जाताटोली के समीप मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी घाघरा से सिसई की ओर जा रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया है और पुलिस बोलेरो की धरपकड़ में जुट गई है।


