
Giridih: रविवार को कलश स्थापना के साथ ही शारदीय नवरात्र का महापर्व शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर गिरिडीह नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए शनिवार को मेयर प्रमिला मेहरा, सदर SDM धीरेंद्र प्रसाद, डिप्टी मेयर सुमित कुमार और नगर आयुक्त विजय सिंह विरुआ ने निगम के अधिकारियों और कर्मियों के साथ शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का जायजा लिया। इस निरीक्षण दल में JMM जिला अध्यक्ष संजय सिंह, JMM नेता अजीत कुमार पप्पू, अभय सिंह और रॉकी सिंह भी शामिल रहे।



मानसरोवर तालाब पर युद्धस्तर पर सफाई, नावों से होगा विसर्जन
अधिकारियों और नेताओं का काफिला सबसे पहले शहर के प्रमुख मानसरोवर तालाब पहुंचा, जहां मूर्ति विसर्जन की तैयारियों और सफाई कार्य का जायजा लिया गया। तालाब में फैली जलकुंभी और गंदगी को युद्धस्तर पर साफ किया जा रहा है। मौके पर मानसरोवर तालाब विसर्जन समिति के संदीप गुप्ता ने प्रशासनिक टीम को बताया कि इस बार भी परंपरा के अनुसार नावों के जरिए ही मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा, जिसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

पंडालों से रोजाना उठेगा कचरा, लाइट की दिक्कतों पर त्वरित निर्देश
तालाब के बाद टीम ने शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों का दौरा किया और वहां चल रहे सफाई कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान पंडाल समितियों ने बिजली और लाइट से जुड़ी कुछ परेशानियां सामने रखीं, जिस पर नगर निगम के अधिकारियों को तुरंत समाधान निकालने का आदेश दिया गया। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि हर रोज सुबह पूजा पंडालों के आसपास से कूड़े के ढेर उठा लिए जाएं। इसके अलावा महासप्तमी से आकांक्षा की गाड़ियों को विशेष रूप से तैनात किया जाएगा, जो हर रोज पंडालों के अंदर जाकर पूजा से जुड़ी अपशिष्ट सामग्रियों का नियमित उठाव करेंगी।
निगम पूरी तरह अलर्ट मोड में, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि शारदीय नवरात्र के पावन पर्व को देखते हुए नगर निगम की पूरी मशीनरी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि सफाई, फॉगिंग, पेयजल और स्ट्रीट लाइट को लेकर किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहरवासियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


