
Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस घर में डकैती हुई, वह चांडिल थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर है। चांडिल बस स्टैंड के पास रहने वाले पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर में 5 से 6 नकाबपोश बदमाश घुसे और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने लूटकर फरार हो गए। थाना के इतने करीब हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की कई टीमें जांच में जुट गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, सुरेश चौधरी पहले चांडिल बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान चलाते थे। शुक्रवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने उनके घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और कीमती गहने लेकर फरार हो गए। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि बदमाश घर में किस रास्ते से घुसे और कितनी देर तक वहां मौजूद रहे। पुलिस लूटे गए आभूषणों की सही कीमत का भी पता लगा रही है।

गली में मिला दो लाख का सोने का चेन, परिवार को लौटाया गया
इस डकैती के बीच एक और बात सामने आई है। घटना के दौरान घर के पास की गली में करीब दो लाख रुपये कीमत का सोने का चेन मिला, जिसे सुरेश चौधरी के परिवार को वापस लौटा दिया गया। हालांकि, यह चेन गली में कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
DSP के नेतृत्व में जांच, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए DSP दूसरू बनसिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की गई है। चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ और कपाली OP प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी जांच में जुटे हैं। सरायकेला से विशेष जांच टीम भी चांडिल पहुंची है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्तों का पता चल सके। इसके साथ ही यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी स्थानीय थे या बाहर से आए थे। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।


