
Giridih: गिरिडीह में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष सतीश केडिया की अगुवाई में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में इकट्ठा हुए और वहां से विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर निकले। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की।



केंद्र सरकार पर लगाया लोकतंत्र को दबाने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को जबरन रोका गया, जो पूरी तरह गलत है। केडिया ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त का बचाव करके केंद्र सरकार जनता की नजरों में खुद कटघरे में खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह कार्रवाई साफ दर्शाती है कि वह लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे पार्टी नेता
इस विरोध प्रदर्शन में जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से अजय सिन्हा मंटू, राजेश तुरी, महमूद अली खान लड्डू, मोहम्मद विनीत, सरफराज अंसारी, बिलाल अहमद, साबिर खान, मंजूर आलम, मेराज गोल्डी, शाहनवाज और सिकंदर अंसारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


