
Giridih news: झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के करीब एक महीने बाद पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव शोक जताने गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री के आवास पर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी श्वेता शर्मा, बेटी सृष्टि और बेटे हर्ष से मुलाकात की। सांसद ने बेटे को गोद में लेकर दुलारा और पूरे परिवार को ढांढस बंधाते हुए हिम्मत रखने को कहा। इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि श्वेता शर्मा उनकी बेटी जैसी हैं और शिबू सोरेन तथा दिवंगत सोनू का घर उनका अपना घर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में अगर जरूरत पड़ी तो वह खुद गिरिडीह आकर श्वेता शर्मा के लिए चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे।

दिल्ली में CJP प्रदर्शन पर बवाल, RSS और BJP पर तीखा हमला


परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे छात्र और CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का मुद्दा उठाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो दिखाते हुए आरोप लगाया कि राजधानी दिल्ली में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रही बेटियों और युवाओं पर बर्बरता से हमले किए गए। उन्होंने RSS कार्यकर्ताओं पर सीधा आरोप लगाते हुए उन्हें उपद्रवी करार दिया और कहा कि पुलिस प्रशासन के साए में गुंडागर्दी की जा रही है।
CEC ज्ञानेश कुमार पर विवादित बयान, बोले चौराहे पर फांसी होनी चाहिए

सांसद पप्पू यादव ने चुनाव आयोग और CEC ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए बेहद तल्ख बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली को पुलिस छावनी में इसलिए तब्दील कर दिया गया ताकि एक तानाशाह चुनाव आयुक्त को बचाया जा सके। पप्पू यादव ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को जेल भेजने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरेआम चौराहे पर फांसी दी जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि युवाओं की ताकत ने सत्ता को हिला दिया है और इस सरकार के जाने की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है।
झामुमो और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के गिरिडीह जिला अध्यक्ष संजय सिंह, शाहनवाज अंसारी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश केडिया सहित इंडिया गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए पूरा गठबंधन एकजुट होकर काम करेगा।


