
Hazaribagh: हजारीबाग जिले में लोकतंत्र की रक्षा, वोट देने के अधिकार की सुरक्षा और संविधान के मूल्यों को बचाने का संकल्प लेते हुए इंडिया गठबंधन की ओर से शनिवार को विरोध मार्च निकाला गया। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत आयोजित इस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम की शुरुआत डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक पर स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए मार्च की शुरुआत की।

समाहरणालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
यह विरोध मार्च डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक से शुरू होकर शहर के मुख्य रास्तों से गुजरते हुए नए समाहरणालय पहुंचा। वहां गठबंधन के नेताओं ने जिला उपायुक्त (DC) के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में कांग्रेस और सहयोगी दलों ने लोकतंत्र की रक्षा, आम जनता के मताधिकार की सुरक्षा और वोटर लिस्ट में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग रखी।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर खड़े किए सवाल
मार्च के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए गठबंधन के नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए वोटर लिस्ट का सही होना बेहद जरूरी है। उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त और आयोग के आईटी विभाग के अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव से जुड़े काम निजी कंपनियों को सौंपने से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इंडिया गठबंधन के कई घटक दल हुए शामिल
इस विरोध मार्च में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), सीपीआई (एम), भाकपा (माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत इंडिया गठबंधन के तमाम दलों के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इनके अलावा युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल और एनएसयूआई के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के साथ हुआ।


