
बिहार के मधुबनी जिले में आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों के कथित शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई में नौ नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। मामले में आर्केस्ट्रा संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, फरार संचालकों की तलाश के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।

कई ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़कियों के शोषण की सूचना मिलने के बाद पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और एनजीओ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान लौकहा थाना क्षेत्र समेत जिले के कई इलाकों में छापेमारी की गई और नौ लड़कियों को रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू की गई लड़कियों से जुड़े मामले में महिला थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लड़कियां किन परिस्थितियों में इन ठिकानों पर रह रही थीं और कथित शोषण के मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
बंगाल की लापता लड़की भी बरामद
इस मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है। रेस्क्यू की गई नौ लड़कियों में से एक पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसके लापता होने की प्राथमिकी भी दर्ज थी। पुलिस के मुताबिक, वह लड़की भी आर्केस्ट्रा से बरामद हुई है।
इस खुलासे के बाद मामले में मानव तस्करी की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं लड़कियों को दूसरे राज्यों से लाकर इस नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं बनाया गया था।
फरार संचालकों की तलाश में SIT गठित
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि लौकहा थाना क्षेत्र समेत अन्य इलाकों से नौ लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। मामले में आर्केस्ट्रा संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले में मानव तस्करी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और फरार आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई कर रही है।
जांच के दायरे में पूरा नेटवर्क
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित तौर पर इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है, नाबालिग लड़कियों को किन परिस्थितियों में रखा गया था और उन्हें वहां तक कैसे पहुंचाया गया। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(राघव मिश्रा की रिपोर्ट)


