
Ranchi: मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को झारखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के उत्तर-पूर्वी (संताल परगना क्षेत्र) और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ मेघ चमकने, ठनका (वज्रपात) गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

12 और 13 अक्टूबर को छाये रहेंगे बादल, हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 और 13 अक्तूबर को राजधानी रांची, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, रामगढ़ और लोहरदगा के अलावा राज्य के दक्षिण-पूर्वी भागों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, साथ ही वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। वहीं, रांची में 14 अक्तूबर से मौसम पूरी तरह से शुष्क और साफ हो जाएगा।

रांची में गिरा न्यूनतम तापमान, बहरागोड़ा में पारा 38 डिग्री पहुंचा
तापमान की बात करें तो शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में 1 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जिससे रातों में हल्की ठंडक का अहसास बढ़ा है।
अन्य प्रमुख शहरों का तापमान
शनिवार को जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस, मेदिनीनगर में 32 डिग्री सेल्सियस और बोकारो में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पूरे राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में दर्ज किया गया, जहां पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।


