
Bokaro: बोकारो जिले के चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत सियालजोरी थाना क्षेत्र में स्थित वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में ड्यूटी के दौरान काम कर रहे दो मजदूरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहरीली गैस के रिसाव और उसकी चपेट में आने से दोनों की जान जाने की बात कही जा रही है, हालांकि प्लांट प्रबंधन या प्रशासन की ओर से अब तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मृतक मजदूरों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में की गई है। हादसे के तुरंत बाद दोनों को अचेत अवस्था में नजदीकी हिल कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गैस वॉल्व खोलने के दौरान हुआ हादसा: साथी कर्मी
मृतकों के सहकर्मी अजहरुद्दीन अंसारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मजदूर ड्यूटी के दौरान गैस का वॉल्व खोलने के लिए गोडाउन की तरफ गए थे। इसी दौरान वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। आशंका जताई जा रही है कि वॉल्व के आसपास गैस का भारी रिसाव हो रहा था, जिससे दम घुटने के कारण दोनों गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कामगारों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय पंचायत समिति सदस्य रफीक अंसारी ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी में मजदूरों की सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जाती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा प्रबंधन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन लापरवाही के चलते आए दिन ऐसे हादसे होते हैं। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि सियालजोरी क्षेत्र में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक सर्वसुविधायुक्त बेहतर अस्पताल की व्यवस्था की जाए। उन्होंने इस पूरे हादसे के लिए सीधे तौर पर प्लांट के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय सियालजोरी थाना की पुलिस अस्पताल और प्लांट पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगा।


