
Ichagarh news: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में रविवार को एक बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे चुके पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हरेलाल महतो अपने हजारों समर्थकों के साथ औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। चांडिल प्रखंड के भादूडीह मैदान में आयोजित भव्य मिलन समारोह में उन्होंने अपनी सियासी ताकत का प्रदर्शन किया। उनके भाजपा में शामिल होने से कोल्हान और विशेषकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में नई हलचल पैदा हो गई है।

मंच पर जुटे भाजपा के दिग्गज नेता, राज्य सरकार पर बोला हमला
भादूडीह मैदान में आयोजित इस महासम्मेलन में भाजपा के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा रहा। समारोह में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी और डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी मंच पर उपस्थित रहे। नेताओं ने हरेलाल महतो और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं को पार्टी का पट्टा पहनाकर भाजपा में स्वागत किया।

मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों की तीखी आलोचना की और राज्य में कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी के मुद्दों पर राजनीतिक बदलाव का आह्वान किया। वहीं, हरेलाल महतो ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों और राष्ट्रवादी विचारों से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थाम रहे हैं। उन्होंने ईचागढ़ की जनता से जनसेवा के इस नए सफर में आशीर्वाद और समर्थन मांगा।


