
Giridih : गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत जमुआ गांव में रविवार को आजसू पार्टी द्वारा एक विशाल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो और गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी मुख्य रूप से शामिल हुए। जनसंवाद में पीरटांड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान पार्टी के शीर्ष नेताओं ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं, विकास की स्थिति और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

हेमंत सरकार के रोजगार के वादों पर सुदेश महतो का सवाल


जनसंवाद कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन सरकार की कार्यप्रणाली और घोषणाओं पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य सरकार जितने वादे जनता और युवाओं से कर रही है, असल में उतनी नौकरियां लाएगी कहां से? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को केवल बड़े-बड़े आश्वासनों और चुनावी वादों के जाल में उलझा कर रख रही है, जबकि जमीनी हकीकत पर नियुक्तियां ठप पड़ी हैं।
तपोभूमि रहा है पीरटांड़, अब विकास का गवाह बनेगा
पीरटांड़ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और संस्कृति की चर्चा करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यह क्षेत्र तपोभूमि और समृद्ध संथाली संस्कृति की ऐतिहासिक धरा है। उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब पीरटांड़ ने केवल बारूदी धमाके, अशांति और खून-खराबा देखा था। लेकिन अब जब सुरक्षा और व्यवस्था के हालात बदले हैं, तो पीरटांड़ की इस पावन धरती का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि बदले हुए माहौल में क्षेत्र के बुनियादी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के उत्थान के लिए ठोस नीति के साथ काम करने की जरूरत है।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस जनसंवाद कार्यक्रम में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का ब्योरा रखा। कार्यक्रम के मंच पर आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. लंबोदर महतो, देवशरण भगत, महिला नेत्री प्रियंका शर्मा, अनूप पांडे और कंपू यादव समेत पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी अपने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को नेताओं के समक्ष रखा, जिस पर उचित समाधान का भरोसा दिया गया।


