
Jamshedpur: जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गया है। पूर्वी सिंहभूम के DC और SSP ने शहर के तमाम प्रमुख विसर्जन घाटों का दौरा कर प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

बड़ौदा, दोमुहानी और स्वर्णरेखा घाट की सुरक्षा जांच
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने बड़ौदा घाट, दोमुहानी, भुइयांडीह, स्वर्णरेखा घाट, सती घाट और पांडेय घाट समेत अन्य विसर्जन स्थलों का जायजा लिया। अफसरों ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, वहां की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की एक-एक कर पूरी जानकारी ली।

गहरे पानी में मार्किंग और गोताखोरों की तैनाती के निर्देश
निरीक्षण के दौरान DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर खतरनाक यानी गहरे पानी वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां रेड मार्किंग कराई जाए। हादसों को रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती करने को कहा गया है। इसके अलावा घाटों पर रात के समय बेहतर रोशनी के लिए हाई-मास्ट लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत
DC और SSP ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि विसर्जन की तारीख से पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से पूरा कराना है।


