
Gumla: गुमला जिले के पालकोट इलाके में एक बार फिर हाथियों का बड़ा झुंड पहुंच गया है। नाथपुर और टेंगरिया पंचायत के बीच तोरपा नदी के पास कापू टोंगरी चट्टान के नीचे 22 जंगली हाथियों ने अपना डेरा जमा लिया है। जानकारी के मुताबिक हाथियों का यह पूरा ग्रुप बसिया इलाके की तरफ से घूमते हुए यहां आया है।

हाथियों को देखने जुटी लोगों की भीड़
एक साथ 22 हाथियों के आने की खबर जैसे ही फैली, आसपास के गांवों से लोग उन्हें देखने के लिए जुटने लगे। नाथपुर, टेंगरिया और बसिया इलाके के कई गांवों से लोग तोरपा नदी के पास पहुंच रहे हैं। हालांकि हाथियों के इतने करीब जाने से बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ है।

जंगल की तरफ खदेड़ने में जुटी वन विभाग की टीम
खबर मिलते ही पालकोट वन विभाग की टीम तुरंत एक्शन में आ गई। वन विभाग के अफसर और कर्मचारी स्थानीय लोगों की मदद से हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की तरफ खदेड़ने में लगे हुए हैं। टीम लगातार हाथियों की मूवमेंट पर नजर रखे हुए है ताकि कोई भी अप्रिय घटना न हो।
हाथियों से रहें दूर
वन विभाग ने गांव वालों से खास अपील की है कि वे हाथियों के झुंड से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें। अधिकारियों ने साफ कहा है कि हाथियों को बिल्कुल न छेड़ें, उन पर पत्थर न फेंकें और उनके पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने की गलती न करें, क्योंकि इससे हाथी भड़क सकते हैं।


