
Jamshedpur: जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित कांग्रेस दफ्तर के बाहर सोमवार को अचानक भारी हंगामा खड़ा हो गया। दिल्ली के JNU में छात्राओं के साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर BJP महिला मोर्चा प्रदर्शन कर रही थी। वे मणिपुर से कांग्रेस MP और पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे थे।

नारेबाजी के दौरान आमने-सामने आए दोनों दल
बिस्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जब BJP कार्यकर्ता जोरदार नारेबाजी कर रहे थे, तभी वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भी बाहर निकल आए। देखते ही देखते दोनों तरफ से तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल काफी गर्म हो गया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पहले धक्का-मुक्की हुई और फिर मामला हाथ से निकल गया।

जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थरबाजी
बहस के बाद दोनों पक्षों की तरफ से अचानक लाठी-डंडे चलने लगे और देखते ही देखते जमकर पत्थरबाजी होने लगी। सड़क पर दोनों तरफ के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, जिससे इलाके में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गई। आसपास की दुकानें आनन-फानन में बंद हो गईं और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी हिंसक झड़प में दोनों तरफ से आधा दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। घायल कार्यकर्ताओं को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया है। घटना की खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।


