
Jamshedpur: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में खुद को SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) कर्मी बताकर एक महिला को बंधक बनाने, मारपीट करने और सोने के जेवरात लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक महिला समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए जेवरों को गलाकर तैयार किया गया करीब 20 ग्राम सोना भी बरामद कर लिया गया है।

31 अगस्त को श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स में हुई थी वारदात
यह पूरी वारदात 31 अगस्त को मानगो के रोड नंबर-15 स्थित श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर ई/5 में हुई थी। अपराधी मतदाता सूची पुनरीक्षण यानी SIR कर्मी बनकर सत्यापन के बहाने फ्लैट के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने फ्लैट में रहने वाली बुजुर्ग महिला लिलावती अम्मा को बंधक बना लिया। अपराधियों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की और उनके शरीर से पहने हुए सारे सोने के आभूषण जबरन लूटकर फरार हो गए थे।

छापेमारी टीम ने ऐसे दबोचा गिरोह
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष छापेमारी टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट्स, सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर जाल बिछाया और चार आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिरसानगर निवासी राकेश बहादुर उर्फ राकू, बारीडीह बस्ती निवासी अभिषेक कुमार दास, जुगसलाई निवासी तबस्सुम खातून और मानगो निवासी समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए आभूषणों को गलाकर बनाया गया चपटा गोलाकार 20 ग्राम सोना जब्त किया है।
आरोपियों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मुख्य आरोपी राकेश बहादुर के खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थानों में लूट, डकैती की योजना बनाने और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी समरेश पॉल के खिलाफ परसुडीह थाने में लूट और जीआर केस दर्ज है, जबकि अभिषेक कुमार दास के खिलाफ सिदगोड़ा थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज पाया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजकर गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही है।


