
Giridih: दिल्ली के JNU में मणिपुर से आने वाले प्रोफेसर और कांग्रेस MP से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर गिरिडीह में भी सियासत गरमा गई है। सोमवार को BJP महिला मोर्चा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। उषा कुमारी के नेतृत्व में झंडा मैदान से दर्जनों कार्यकर्ताओं का जुलूस निकला जो नारेबाजी करते हुए सीधे कांग्रेस दफ्तर पहुंच गया।



राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान BJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और आरोपी JNU प्रोफेसर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इस मामले में शामिल दोषियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

‘महिला सुरक्षा के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है कांग्रेस’
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही उषा कुमारी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह से JNU में छात्राओं के साथ मामला सामने आया है, उससे कांग्रेस का असली चेहरा उजागर हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी सिर्फ नारी सम्मान की बातें करती है, जबकि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को महिलाओं के नाम पर केवल राजनीति करनी है। उषा कुमारी ने कहा कि इस मुद्दे पर BJP चुप बैठने वाली नहीं है।
प्रदर्शन में शामिल रहे कई बड़े नेता
इस विरोध-प्रदर्शन में शालिनी वैशाखीयार, विनीता कुमारी, संगीता सेठ, बबली देवी साहू के साथ BJP जिला अध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा, चुन्नूकांत, विनय सिंह, संजीव कुमार गुड्डू, संदीप डांगीच, हरमिंदर सिंह बग्गा, दिनेश यादव और जयशंकर सिन्हा शिंकु समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।


