
Ranchi: झारखंड के लोगों के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों (International Flights) के संचालन के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुका है। अब यहां से सीधे विदेश के लिए नियमित फ्लाइट्स शुरू करने के लिए केवल एयरलाइंस कंपनियों की पहल का इंतजार किया जा रहा है। इससे झारखंड के यात्रियों को विदेश जाने के लिए दिल्ली या कोलकाता एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

प्रस्ताव मिलते ही एक्टिव होंगे कस्टम और इमिग्रेशन काउंटर
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, जैसे ही कोई एयरलाइंस कंपनी रांची से विदेशी रूट के लिए अपना प्रपोजल सबमिट करेगी, तुरंत ही कस्टम, इमिग्रेशन और सुरक्षा से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। इससे यात्रियों का काफी समय बचेगा और वे सीधे अपने शहर से दुनिया के किसी भी कोने के लिए सफर कर सकेंगे।

डूरंड कप के दौरान हो चुका है विदेशी सुविधाओं का ट्रायल
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि रांची एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को संभालने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हाल ही में हुए डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान विदेशी खिलाड़ियों के आगमन पर इन सभी सुविधाओं को चालू करके उनका सफल ट्रायल भी किया जा चुका है। ऐसे में जैसे ही एयरलाइंस कंपनियां संपर्क करेंगी, इन व्यवस्थाओं को दोबारा तुरंत एक्टिव कर दिया जाएगा।
मंजूरी और जरूरी कागजी कार्रवाई होगी पूरी
एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत के लिए संबंधित सरकारी विभागों से आवश्यक मंजूरी और बाकी औपचारिकताएं तेजी से पूरी कराई जाएंगी। अब पूरी गेंद एयरलाइंस कंपनियों के पाले में है और उनके ग्रीन सिग्नल देते ही रांची से डायरेक्ट विदेश की यात्रा शुरू हो जाएगी।


