
Chatra: चतरा के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शहीद विनय भारती फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। खिताबी मुकाबला भारत क्लब चतरा और डीसी चंदन क्लब बाय तिलैया के बीच खेला गया, जहां दोनों टीमों ने मैदान पर बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

पेनल्टी शूटआउट से निकला जीत और हार का फैसला
निर्धारित एक घंटे के खेल के दौरान दोनों ही टीमें आक्रामक अंदाज में खेलीं, लेकिन कोई भी पक्ष गोल करने में सफल नहीं हो सका। मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद मैच का निर्णय पेनल्टी शूटआउट के जरिए किया गया। रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में बाय तिलैया की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत क्लब को तीन के मुकाबले दो गोल से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया।

विजेताओं को मिला भव्य सम्मान और नकद पुरस्कार
टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में चतरा के विधायक जनार्दन पासवान और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को शिल्ड और नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। फाइनल मुकाबला जीतने वाली बाय तिलैया की टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता भारत क्लब को इक्यावन हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
युवाओं की खेल प्रतिभा की सराहना
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि चतरा जिले में खेल और खिलाड़ियों की प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा लगातार खेल के हर क्षेत्र में अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। इस पूरे टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष कुंदन यादव, उपाध्यक्ष विवेक रंजन, सचिव मनोज कुमार, उप सचिव मोहम्मद जमाल, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, उप कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार और संरक्षक संदीप उर्फ बबलू गुप्ता ने अपनी अहम भूमिका निभाई।


