
Chatra: चतरा-सिमरिया रोड पर हथियार लेकर घूम रहे एक युवक को पकड़ने पहुंची पुलिस को देखकर वह जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और गोलियां बरामद हुईं, जबकि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखे गए कारतूस भी बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके की रेकी कर रहा था। गिरफ्तार युवक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय मुकेश गंझू के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह इतनी गोलियां लेकर चतरा क्यों आया था और किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

दरअसल, 11 अक्टूबर को चतरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर स्थित साई नाथ लाइन होटल के आसपास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही सदर SDPO सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई, जिसके बाद पुलिस बताए गए स्थान पर पहुंची। इसी दौरान मैदान में मौजूद एक युवक की नजर पुलिस टीम पर पड़ी तो वह जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन जवानों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो हथियार और गोलियां मिलने से मामला गंभीर हो गया।

जंगल में छिपाकर रखी थीं गोलियां, आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने की बरामदगी
पुलिस के अनुसार, शुरुआती तलाशी में मुकेश गंझू के पास से एक देसी कट्टा और 10 गोलियां मिलीं। इसके बाद पूछताछ के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए कारतूसों की जानकारी सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस टीम उसे लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची और वहां से अतिरिक्त गोलियां तथा दो खोखे बरामद किए। पुलिस की अंतिम जब्ती सूची के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुल 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां, दो खोखे और एक देसी कट्टा जब्त किया गया है।
इतनी बड़ी संख्या में गोलियां मिलने के बाद पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास हथियार और कारतूस कहां से आए थे और वह चतरा-सिमरिया रोड पर किस मकसद से घूम रहा था। पुलिस को आशंका है कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था, हालांकि उसका निशाना कौन था और इस मामले में दूसरे लोगों की कोई भूमिका है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
लातेहार का रहने वाला है मुकेश गंझू, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
गिरफ्तार मुकेश गंझू लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के भगिया बरवा टोली का रहने वाला है और उसके पिता का नाम दोन्दा गंझू है। इस मामले में चतरा सदर थाना में 12 अक्टूबर को कांड संख्या 421/2026 दर्ज किया गया है, जिसमें आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a, 26 और 35 लगाई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी टीम में सदर SDPO सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, सुनिल कुमार, रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। फिलहाल पुलिस बरामद हथियार और गोलियों के बारे में आगे की जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि मुकेश गंझू का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या वह किसी दूसरी वारदात की तैयारी में चतरा पहुंचा था।


