
Giridih: गिरिडीह में उपचुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। BJP नेता विनोद सिन्हा के रोड शो और प्रचार अभियान में शामिल होने पहुंचे मशहूर सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी ने शहर के झंडा मैदान में एक जोरदार नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उनके साथ लोकप्रिय अभिनेत्री डॉक्टर सौंदर्य शर्मा और खुद विनोद सिन्हा भी मौजूद रहे। झंडा मैदान में इन सितारों को देखने और सुनने के लिए भारी संख्या में युवाओं और महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

मनोज तिवारी के गानों और सौंदर्य शर्मा के भाषण पर झूमे लोग


झंडा मैदान में जुटे जनसैलाब के बीच सांसद मनोज तिवारी ने अपने खास अंदाज में युवाओं का खूब जोश बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने कई लोकप्रिय भोजपुरी गीत और मां दुर्गे के पावन भजन भी पेश किए, जिस पर पूरा मैदान झूम उठा। वहीं, अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा ने अपने चुलबुले अंदाज से युवाओं का दिल जीत लिया और अपने संबोधन के दौरान केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कम समय में ही मोदी सरकार ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों को बदला है, जिसमें देश के युवाओं की भूमिका सबसे अहम रही है। सांसद मनोज तिवारी ने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा और स्वास्थ्य के जरिए अपने भविष्य को मजबूत करें और आने वाले उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी विनोद सिन्हा को अपना समर्थन दें।
प्रशासनिक कार्रवाई पर भड़के सांसद, कहा- न्यायालय का लेंगे सहारा
सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद मनोज तिवारी ने राज्य की हेमंत सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को गिरिडीह के अधिकारियों की कार्यशैली पर लगाम लगानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके और अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा के रोड शो की अनुमति पहले ही दे दी गई थी, लेकिन बाद में दुर्गा पूजा का बहाना बनाकर एन वक्त पर कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
उन्होंने इसे जिला प्रशासन की तुगलकी कार्रवाई बताते हुए कहा कि इससे जनता के बीच गलत संदेश गया है। हेमंत सरकार को ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। सांसद ने दो टूक कहा कि प्रशासन के इस रवैये के खिलाफ अब BJP नेता विनोद सिन्हा न्यायालय की शरण में जाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।


