
Ranchi news: दुर्गा पूजा के दौरान रांची में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा का मजबूत ताना-बाना बुन लिया गया है। इसी सिलसिले में सोमवार को रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने जिले के सभी थानेदारों और डीएसपी के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और पंडाल दर्शन से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक की पूरी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जोन और सेक्टर में बंटी शहर की सुरक्षा व्यवस्था


सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए शहरी इलाके को अलग-अलग जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी संबंधित डीएसपी के कंधों पर होगी, जबकि सेक्टर स्तर पर इंस्पेक्टरों को तैनात किया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था की सीधी निगरानी खुद एसएसपी करेंगे। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में सामान्य गश्त के अलावा पीसीआर वैन, हाईवे पेट्रोलिंग और मोटरसाइकिल दस्ता लगातार सड़कों पर मुस्तैद रहकर निगरानी रखेगा।
सीसीटीवी की लाइव फीड और सादे लिबास में पुलिसकर्मी

सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया है कि वे पंडालों और सजावट के आसपास अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाएं। कैमरों की लाइव फीड और डीवीआर की व्यवस्था पंडाल परिसर के अंदर ही रखने को कहा गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। मेलों और भीड़भाड़ वाले पंडालों में असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष रूप से शक्ति कमांडो और महिला पुलिस बल को तैनात किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी और अफवाहबाजों पर कार्रवाई

एसएसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों को तुरंत चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा। इसके अलावा धारा 107 और थाना हाजिरी की समीक्षा करते हुए उपद्रवी तत्वों और हाल ही में जमानत पर छूटे अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि शहर का माहौल पूरी तरह शांत बना रहे।
अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और दमकल वाहनों की तैनाती
हादसों से बचाव के लिए हर पूजा समिति को आग से सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपकरण पंडाल के पास रखना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर दमकल वाहन की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। शहर के आठ चुनिंदा महत्वपूर्ण स्थानों पर अग्निशमन वाहन स्थायी रूप से तैनात रहेंगे। सभी थानेदारों को निर्देश दिया गया है कि वे खुद जाकर पंडालों में फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच करें। पूजा समितियों को थाने में लिखित रूप में देना होगा कि उनके यहां आग से निपटने के पूरे साधन मौजूद हैं।
प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे वॉलिंटियर्स
पर्व के दिनों में और विशेषकर प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासन का हाथ बंटाने के लिए पूजा समितियों के वॉलिंटियर्स भी पूरी मुस्तैदी से सक्रिय रहेंगे। विसर्जन जुलूस के दौरान ये वॉलिंटियर्स पुलिस के साथ मिलकर व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे।


