
Ranchi news: सदर अस्पताल में तैनात 108 एंबुलेंस के चालक और कर्मचारी अपने बकाया वेतन की मांग को लेकर सोमवार को दिन भर हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों का आरोप है कि दिन-रात इमरजेंसी सेवा में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के बावजूद उन्हें समय पर सैलरी नहीं मिल रही है। बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर सभी चालकों ने सदर अस्पताल के CS से मुलाकात की और अपनी समस्याओं को उनके सामने रखा।

सामने त्यौहार, पर जेब खाली: चालकों का छलका दर्द
आंदोलन कर रहे एंबुलेंस चालकों ने बताया कि सामने दुर्गा पूजा समेत कई बड़े त्यौहार हैं, लेकिन सैलरी न मिलने की वजह से उनके पास रोजमर्रा के खाने-पीने तक के पैसे नहीं बचे हैं। चालकों का कहना है कि पिछले दिनों राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें वेतन भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक पैसे नहीं मिले। झूठे आश्वासनों से तंग आकर अब उन्हें काम बंद करने पर मजबूर होना पड़ा है।

16 को नामकुम NRHM दफ्तर पर धरना, 24 से अनिश्चितकालीन हड़ताल
कंपनी की मनमानी और वेतन न मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अब चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है। चालकों ने साफ चेतावनी दी है कि वे 16 तारीख को नामकुम स्थित NRHM कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना देंगे। इसके बाद भी अगर बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है, तो 24 तारीख से पूरे राज्य के सभी 108 एंबुलेंस चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
आपातकालीन सेवाएं प्रभावित होने का बढ़ा खतरा
24 तारीख से अगर एंबुलेंस चालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाते हैं, तो पूरे राज्य में इमरजेंसी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा सकती है। दुर्घटनाओं और गंभीर बीमारियों के दौरान मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल हो जाएगा, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।


