
Simdega news: सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन को जब्त किया है। गाड़ी से सेमर की लगभग 400 पीस चिरी हुई लकड़ी बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस धंधे से जुड़े बाकी नेटवर्क को खंगालने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

SP के निर्देश पर बनी टीम, भागने की कोशिश में धराया ड्राइवर
SDPO धर्मदेव पासवान ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे पुलिस को पुख्ता खबर मिली थी कि एक पिकअप में भारी मात्रा में अवैध लकड़ी लोड कर सौदे के रास्ते बसिया की तरफ भेजा जा रहा है। खबर मिलते ही SP के निर्देश पर बानो थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर निकले। उकौली जंगल के पास तिरपाल और प्लास्टिक से ढकी एक संदिग्ध पिकअप आती दिखी। पुलिस ने जब रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर स्पीड बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे घेरकर पकड़ लिया।

गुमला का रहने वाला है आरोपी, वन अधिनियम के तहत FIR दर्ज
गाड़ी की तलाशी लेने पर अंदर से सेमर की लगभग 400 पीस चिरी हुई लकड़ी बरामद हुई। पुलिस ने लकड़ी और गाड़ी दोनों को फौरन कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र स्थित डोलोंगसेरा निवासी नंदलाल साहू के रूप में हुई है। मामले को लेकर बानो थाने में भारतीय न्याय संहिता और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।


