
Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-2 पंप हाउस के पास जातिगत भेदभाव, छुआछूत और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता मंजू चौधरी ने अपने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उन्हें सार्वजनिक कुएं से पानी भरने नहीं देते और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर लगातार अपमानित करते हैं।

5 पड़ोसियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंजू चौधरी की शिकायत पर पड़ोसी अमरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी रेमी देवी, बेटों आदित्य व अमन उर्फ अंशु और उपेंद्र यादव के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पीड़िता का आरोप है कि ये सभी लोग मिलकर उन्हें और उनके परिवार को सामाजिक और मानसिक रूप से लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।

23 जुलाई से 10 अक्टूबर तक लगातार किया हमला
शिकायत के मुताबिक आरोपियों का अत्याचार पिछले कई महीनों से जारी है। पीड़िता ने बताया कि 23 जुलाई को आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद 26 जुलाई को उनके घर पर हमला बोल दिया गया। इतना ही नहीं, घर के बाहर कपड़े सुखाने के दौरान भी उनके साथ आए दिन गाली-गलौज और बदतमीजी की जाती है।
10 अक्टूबर को फिर घर में घुसकर पीटा, जान से मारने की धमकी
प्रताड़ना का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 10 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे आरोपी एक बार फिर उनके घर पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। जब पीड़िता और उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। लगातार हो रही हिंसा से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। जगन्नाथपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।


