
Chaibasa: चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत उलीझारी गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर हमले की घटना सामने आई है। नशे में धुत एक युवक ने धारदार हथियार (बांकी) से अपने ही रिश्तेदार के परिवार पर हमला कर दिया। इस घटना में तांतनगर थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और उनके दो बच्चे घायल हो गए हैं।

एसआई और उनके दो बच्चे अस्पताल में भर्ती
घटना में घायल लोगों की पहचान उलीझारी निवासी तांतनगर थाना के एसआई गुया कुदादा (58 वर्ष), उनके बेटे लखन कुदादा (26 वर्ष) और 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के रूप में हुई है। एसआई की पत्नी के अनुसार, आरोपी मनीष कुदादा ने पारिवारिक विवाद के चलते नशे की हालत में अचानक हथियार से हमला कर दिया।

दो की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में इलाज जारी
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से एक की स्थिति खतरे से बाहर है, जबकि दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक थाने में औपचारिक एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।


