
Deoghar: देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र स्थित बैद्यनाथपुर के बंधा इलाके में रविवार की सुबह सब कुछ आम दिनों की तरह ही शांत था। एक किराए के मकान में करीब दस बारह दिन पहले ही बिहार के बांका से आकर एक युवक रहने लगा था। आसपास के लोगों के लिए वह एक सामान्य किराएदार था, लेकिन CID की नजर उस पर बनी हुई थी। रविवार को अचानक जब स्थानीय पुलिस के साथ CID की टीम ने उस मकान में दबिश दी, तो पूरे इलाके में हलचल तेज हो गई। प्रतियोगी परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही सीआईडी की टीम उस युवक तक पहुंच चुकी थी।

अचानक हुई छापेमारी और हिरासत में लिया गया युवक
रिखिया और मोहनपुर थाने की पुलिस के सहयोग से सीआईडी की टीम ने पूरे मकान को घेरकर छापेमारी की। टीम ने कमरे से युवक को हिरासत में ले लिया और उसे तुरंत मोहनपुर थाने लेकर पहुंची। वहां बंद कमरे में उससे कई घंटों तक कड़ी पूछताछ की गई। लंबी पूछताछ के बाद देर शाम सीआईडी की टीम युवक को अपने साथ रांची लेकर रवाना हो गई। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई पर सीआईडी के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर अभी कोई बयान जारी नहीं किया है।

कमरे से मिले दस्तखत किए हुए ब्लैंक चेक और कागजात
सूत्रों के हवाले से जो जानकारी सामने आ रही है, उसके मुताबिक सीआईडी को कमरे की तलाशी के दौरान कई चौंकाने वाली चीजें मिली हैं। बताया जा रहा है कि वहां से कई ऐसे खाली चेक बरामद हुए हैं, जिन पर लोगों के दस्तखत तो मौजूद थे, लेकिन न तो रकम भरी गई थी और न ही किसी का नाम लिखा था। इसके अलावा कमरे से प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई कागजात और दस्तावेज भी सीआईडी ने जब्त किए हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है।
बांका का रहने वाला है युवक, गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक हिरासत में लिया गया युवक बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह महज दस बारह दिन पहले ही देवघर आया था और रिखिया इलाके में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। सीआईडी को उसके ठिकाने और गतिविधियों के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि करने के बाद ही इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अब सीआईडी के आधिकारिक खुलासे के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।


