
Ajmer Sharif Dargah: देश में अमन-चैन बना रहे, लोगों के बीच मोहब्बत और भाईचारा बढ़े और हर किसी की जिंदगी में खुशहाली आए, इसी दुआ के साथ हजरत अल्हाज सैय्यद शाह अलकमा शिब्ली कादरी अबुलओलाई साहब ने मंगलवार को राजस्थान के अजमेर शरीफ स्थित हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह पर हाजिरी दी। उन्होंने पूरी अकीदत के साथ दरगाह पर दुआ मांगी और अपने मुरीदीन, मुतवस्सिलीन के साथ पूरे मुल्क की सलामती, तरक्की और खुशहाली की कामना की।

हजरत सैय्यद शाह अलकमा शिब्ली कादरी अबुलओलाई साहब बिहार के औरंगाबाद स्थित खानकाह मजहरिया मुनअमिया, केराप शरीफ और रांची के डोरंडा स्थित फिरदौस नगर, मणिटोला के सज्जादानशीं हैं। इसके अलावा वह डोरंडा की JAP-1 जामा मस्जिद के खतीब भी हैं। वह अपनी दीनी और रूहानी खिदमतों के जरिए लोगों को मोहब्बत, इंसानियत, आपसी सद्भाव और नेक रास्ते पर चलने का पैगाम देते रहे हैं।

मुल्क की सलामती और भाईचारे के लिए की खास दुआ
अजमेर शरीफ दरगाह पर हाजिरी के दौरान उन्होंने अल्लाह की बारगाह में दुआ की कि देश में हमेशा अमन-चैन कायम रहे और समाज में आपसी एकता व भाईचारा मजबूत हो। उन्होंने लोगों की जिंदगी में खुशहाली, कामयाबी और तरक्की के साथ अपने मुरीदीन और मुतवस्सिलीन की सलामती और बेहतरी के लिए भी खास दुआ मांगी।
इस मौके पर हजरत सैय्यद शाह अलकमा शिब्ली कादरी ने इंसानियत की खिदमत, एक-दूसरे के प्रति मोहब्बत और समाज में अमन-ओ-अमान बनाए रखने का पैगाम दिया। उन्होंने आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर देते हुए लोगों को नेक रास्ते पर चलने की सीख दी।


