
Ranchi : 25 सितंबर 2022 को हुई शाहबाज़ अंसारी की हत्या के मामले में रांची के अपर न्याययुक्त देबाशीष महापात्र की अदालत ने दो आरोपियों, ओमप्रकाश महतो और सुशांत नायक को दोषी करार दिया है। अदालत दोनों दोषियों की सजा के बिंदु पर 15 अक्टूबर को सुनवाई करेगी और सजा की अवधि का निर्धारण करेगी।

ऑटो में नशा करने के बाद मांडर लौटने के दौरान की थी हत्या
घटना की पृष्ठभूमि के अनुसार, पुरानी रंजिश को लेकर 25 सितंबर 2022 की शाम करीब 7 बजे दोनों आरोपी शाहबाज़ अंसारी को ऑटो में बैठाकर रातू के पिर्रा ले गए थे। वहां नशा करने के बाद जब वे मांडर लौट रहे थे, उसी दौरान ऑटो के भीतर ही दोनों ने शाहबाज़ की हत्या कर दी थी।

मृतक के पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
हत्या की इस सनसनीखेज वारदात के बाद मृतक शाहबाज़ अंसारी के पिता के बयान पर मांडर थाने में कांड संख्या 160/2022 दर्ज की गई थी। पुलिस द्वारा मामले का अनुसंधान पूरा कर अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। अदालत ने पेश किए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों को हत्या का दोषी पाया है।


