
पटना: राजधानी पटना में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष प्लान और ट्रैफिक रूट जारी किया है। इसके तहत 17 अक्टूबर की दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 11 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कुछ रास्तों पर छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस, शव वाहन जैसे आपातकालीन वाहनों और वैध पासधारकों को प्रतिबंधों से छूट रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

डाकबंगला से पटना जंक्शन की ओर नहीं जा सकेंगे वाहन
दुर्गापूजा के दौरान डाकबंगला चौराहे से भट्टाचार्य चौराहा, पटना जंक्शन और स्वामीनंदन तिराहा की ओर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। डाकबंगला चौराहे से कोतवाली टी तक दोनों फ्लैंक पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा, न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
इन मार्गों पर भी रहेगी रोक:
- गोविंद मित्रा रोड और सब्जीबाग रोड: सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
- बाकरगंज से मखनियां कुआं रोड: वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
- नाला रोड मोड़ से ठाकुरबाड़ी मोड़: वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
- दिनकर गोलंबर से मछुआटोली चौक: वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
ट्रैफिक रूट: छोटे वाहनों के लिए ये होंगे वैकल्पिक रास्ते
ट्रैफिक प्लान के तहत कई प्रमुख मार्गों पर छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
- पटना जंक्शन से गांधी मैदान: छोटे वाहन गोरियाटोली चौक से एग्जीबिशन रोड होकर जा सकेंगे।
- सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर: वाहन रुकनपुरा से राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से जा सकेंगे।
- हड़ताली चौक से सगुना मोड़: वाहन राजवंशीनगर और चिड़ियाखाना होते हुए बेली रोड फ्लाईओवर से गुजर सकेंगे।
- कारगिल चौक से गांधी चौक: अशोक राजपथ पर छोटे वाहनों का परिचालन दोनों ओर से होगा।
- गांधी चौक से गायघाट: वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। छोटे वाहन पश्चिम से पूरब की ओर ही जा सकेंगे।
भारी और व्यावसायिक वाहनों पर भी प्रतिबंध
17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में मालवाहक और भारी यात्री वाहनों, जैसे बस, ट्रक और ट्रैक्टर आदि के परिचालन पर रोक रहेगी। वहीं, मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों के परिचालन पर 15 से 21 अक्टूबर तक प्रतिबंध लागू रहेगा।
यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख इलाकों को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है। इनमें शामिल हैं:
- गांधी मैदान के चारों ओर
- एसपी वर्मा रोड
- कोतवाली थाना के पूरब टाइटन वॉच मोड़ से सिन्हा लाइब्रेरी मोड़ और छज्जूबाग तक
- पटना म्यूजियम के चारों ओर
- बुद्ध मार्ग
इन इलाकों में वाहन खड़े करने से बचने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और शहर में आने वाले लोगों के लिए कुछ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है।
फ्रेजर रोड: डॉ. सीपी ठाकुर के आवास से स्वामीनंदन तिराहा तक और आकाशवाणी से जेपी गोलंबर तक दोनों फ्लैंक में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
वीरचंद पटेल पथ: सर्विस लेन में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
जीपीओ गोलंबर: जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक चौराहे तक एक फ्लैंक में पार्किंग की व्यवस्था होगी।
कॉलेज परिसर: पटना साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज के मैदान में वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
पटना सिटी: सिटी स्कूल चौक, मंगल तालाब के चारों ओर और पटना साहिब रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
पटना यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है। दुर्गापूजा के दौरान भीड़ और जाम से बचने के लिए घर से निकलने से पहले अपने रास्ते की योजना बनाने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।


