
Bokaro: बोकारो जिले के Sector 4 थाना क्षेत्र अंतर्गत NEXA शोरूम के पास एक बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि शोरूम से एक ग्राहक शोरूम स्टाफ के साथ बिना नंबर वाली नई कार लेकर टेस्ट ड्राइव पर निकला था। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई और शोरूम के पास स्थित एक दुकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मारते हुए दुकान में जा घुसी।



टक्कर के बाद लगी भयानक आग, दोनों वाहन जलकर राख
टक्कर इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कार और बाइक दोनों में भयानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कार और वहां खड़ी मोटरसाइकिल पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। आसपास के लोगों के अनुसार, कार में दो लोग सवार थे, जो दुर्घटना होते ही किसी तरह कार से बाहर निकले और जान बचाकर भाग गए।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि दोनों वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।


