
पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां दो उचक्कों ने रुमाल में कागज का बंडल बांधकर उसे नोटों की गड्डी बताया और बैंक से रुपये निकालकर लौट रही एक महिला को अपने झांसे में ले लिया। आरोप है कि दोनों ने महिला के झोले से 50 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। बाद में रुमाल खोलने पर महिला को ठगी का पता चला, जिसके बाद उसने शिकारपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

घटना नरकटियागंज स्थित सेंट्रल बैंक के आसपास की बताई जा रही है। ठगी की शिकार महिला की पहचान शमीमा खातून के रूप में हुई है।

फॉर्म भरने में मदद के बहाने महिला से बढ़ाई नजदीकी
शमीमा खातून के अनुसार, वह बैंक से रुपये निकालने पहुंची थीं। बैंक में फॉर्म भरने के दौरान एक युवक ने उनकी मदद की। इसी बीच दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया और दोनों उनसे बातचीत करने लगे। शुरुआत में महिला को उनकी मंशा पर कोई शक नहीं हुआ।
बैंक से रुपये निकालने के बाद जब शमीमा घर जाने के लिए निकलीं, तो दोनों युवक उनके पीछे चलने लगे। बैंक के दूसरी तरफ सड़क पार करने के बाद उन्होंने महिला से दोबारा बातचीत शुरू की।
रुमाल में बंधे कागज को बताया नोटों की गड्डी
बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने महिला को रुमाल में बंधा एक बंडल दिखाया। आरोप है कि उन्होंने रुमाल को थोड़ा खोलकर महिला को भरोसा दिलाया कि उसके अंदर नोटों की गड्डी है। महिला को बंडल में रुपये होने का विश्वास हो गया।
इसी दौरान दोनों ने बंडल को महिला के झोले में रखने की बात कही। आरोप है कि इस चालाकी के बीच उन्होंने झोले में रखे महिला के 50 हजार रुपये निकाल लिए और वहां से फरार हो गए। महिला को तत्काल इसका पता नहीं चला।
रुमाल खोला तो नोटों की जगह मिला कागज
कुछ देर बाद जब शमीमा खातून ने रुमाल खोलकर देखा, तो उसमें नोटों की गड्डी की जगह कागज का बंडल मिला। महिला के मुताबिक, उसमें केवल 500 रुपये का एक नोट था। इसके बाद उन्हें समझ आया कि दोनों युवक उन्हें झांसा देकर 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गए हैं।
ठगी का पता चलते ही महिला रोते-बिलखते शिकारपुर थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक से रुपये निकालने के बाद दोनों युवक लगातार उनके आसपास मौजूद थे।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दोनों युवकों की पहचान की जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी बैंक के अंदर से ही महिला पर नजर रख रहे थे या बाहर निकलने के बाद उनका पीछा किया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


