
Giridih: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। त्योहार के मद्देनजर DC रामनिवास यादव और SP डॉ. बिमल कुमार के संयुक्त नेतृत्व में शहर के प्रमुख इलाकों में जोरदार फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च के जरिए आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की गई। इस बड़े मार्च में सहायक समाहर्ता, सदर SDO, SDPO, DSP, ट्रैफिक DSP समेत मुफस्सिल, पचंबा और नगर थाने के प्रभारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे।

पंडालों में CCTV की निगरानी, 24 घंटे एक्टिव रहेगा डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम


फ्लैग मार्च के दौरान DC रामनिवास यादव ने जानकारी दी कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। जिला, अनुमंडल, प्रखंड और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें कर प्रबुद्ध नागरिकों और पूजा समितियों को जरूरी गाइडलाइंस जारी कर दी गई हैं। शहर के सभी पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाए गए हैं और संवेदनशील प्वाइंट्स पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे एक्टिव मोड में रहेगा। सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ फील्ड में मुस्तैद रहने का आदेश दिया गया है।
अफवाह और हुड़दंग फैलाने वालों पर सीधा एक्शन, SP ने दी कड़ी चेतावनी

SP डॉ. बिमल कुमार ने जिलेवासियों से संयम, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार का आनंद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही एक सुरक्षित माहौल तैयार होता है। सुरक्षा व्यवस्था को फुलप्रूफ बनाने के लिए हर संवेदनशील इलाके और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने असामाजिक और अराजक तत्वों को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह फैलाने, शांति भंग करने या हुड़दंग मचाने की कोशिश करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


