
Ranchi news: बरियातू थाने की पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में पिठोरिया के उपर कोनकी निवासी सुहैल अंसारी और साहिल अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन चोरी के मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की एक पल्सर बाइक और एक नकली पिस्तौल बरामद की गई है।

गश्ती टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ा
मंगलवार की रात बरियातू पुलिस की गश्ती टीम क्षेत्र में गश्त लगा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि RIMS अस्पताल परिसर में स्थानीय लोगों ने मोबाइल चोरी के दो संदिग्धों को पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपनी हिरासत में ले लिया।

बड़ी घटना की साजिश रचने की आशंका
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से मोबाइल और बाइक के अलावा नकली पिस्तौल भी बरामद हुई। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि दोनों आरोपी नकली पिस्तौल के बल पर किसी बड़ी घटना या लूटपाट को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।


