
Ramgarh news: नवरात्र के अवसर पर रामगढ़ स्थित श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में भक्ति और भारतीय संस्कृति का अनूठा रंग देखने को मिला। स्कूल की कक्षा चार और पांच की छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को मंच पर जीवंत कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और सजीव अभिनय के जरिए बच्चियों ने देवी के अलग-अलग रूपों के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को पेश किया, जिसने वहां मौजूद सभी शिक्षकों और अतिथियों को प्रभावित किया।

छात्राओं ने निभाए नवदुर्गा के नौ अलग-अलग रूप
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 4 ए की रहमत कौर ने मां शैलपुत्री, 4 बी की रूही रानी ने मां ब्रह्मचारिणी, 4 सी की कीर्ति भट्टाचार्य ने मां चंद्रघंटा, और 4 डी की स्वाति कुमारी ने मां कूष्मांडा का रूप धारण किया। वहीं, पांचवीं कक्षा से 5 ए की आशवी कुमारी मां स्कंदमाता, 5 बी की राही राज मां कात्यायनी, 5 सी की दृष्टि मां कालरात्रि, 5 डी की शगुन बरनवाल मां महागौरी और कक्षा 4 ए की समरीत कौर मां सिद्धिदात्री के स्वरूप में मंच पर नजर आईं। बच्चियों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सबने सराहना की।

संस्कृति और नारी शक्ति का दिया गया संदेश
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और नारी शक्ति के सम्मान से जोड़ना था। प्रस्तुति के जरिए यह संदेश दिया गया कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप साहस, धैर्य, करुणा और सकारात्मक ऊर्जा के प्रतीक हैं, जो समाज में अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
सांस्कृतिक मूल्यों से बढ़ता है आत्मविश्वास: प्राचार्य
स्कूल के प्राचार्य हरजाप सिंह ने बच्चों की प्रस्तुति की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ अनुशासन और मंच पर बोलने का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने त्योहारों को भारतीय विरासत का अहम हिस्सा बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिल्पा, ममता, शैवालिनी, सीमा गुप्ता, मनमीत कौर, निशा गुप्ता, चिन्मय, शमशाद और सुनीता समेत स्कूल के शिक्षकों की अहम भूमिका रही। मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक समिति और स्कूल मैनेजमेंट के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


