
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ का धरना और भूख हड़ताल छठे दिन भी जारी है। अपनी मांगों को लेकर विस्थापित लगातार धरना स्थल पर डटे हुए हैं।

देर रात गोमवती देवी की बिगड़ी तबीयत, सदर अस्पताल में भर्ती
भूख हड़ताल के पांचवें दिन देर रात अनशन पर बैठीं गोमवती देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें तुरंत धरना स्थल से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। सदर अस्पताल की डॉक्टर डॉ. राजश्री के अनुसार, लगातार 5 दिनों तक भूखे रहने के कारण उनका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया था। फिलहाल उनका इलाज किया गया है और उन्हें भोजन लेने की सलाह दी गई है।

बेटे के लिए न्याय और विस्थापितों के नियोजन की मांग
गौरतलब है कि गोमवती देवी, CISF के लाठीचार्ज के दौरान अपनी जान गंवाने वाले प्रेम महतो की मां हैं। वह अपने बेटे के परिवार को न्याय दिलाने और विस्थापितों को रोजगार देने की मांग को लेकर अप्रेंटिस संघ के सदस्यों के साथ अनशन पर बैठी हैं।


