
Chatra: चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत डाढ़ा पंचायत भवन में हुई सरकारी सामानों की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संगठित रूप से सरकारी भवनों में सेंधमारी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से पंचायत भवन से चुराए गए कंप्यूटर, टीवी, इन्वर्टर और बैटरी समेत भारी तादाद में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।



रांची एयरपोर्ट से दबोचा गया मुख्य सरगना
यह चोरी 13 अक्टूबर 2026 को सामने आई थी, जिसके बाद सदर थाने में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। टीम को सटीक गुप्त सूचना मिली कि मामले का मास्टरमाइंड अजय कुमार हवाई जहाज पकड़कर दूसरे राज्य भागने की तैयारी में है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर घेराबंदी की और उसे उड़ान भरने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर गिरोह के तीन अन्य साथियों को भी धर दबोचा गया।

एलईडी टीवी, प्रिंटर और बैटरियों समेत कई सामान बरामद
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 42 इंच के दो एलईडी टीवी, कई बैटरियां, प्रिंटर, स्टेबलाइजर, बायोमेट्रिक मशीन, पांच मोबाइल फोन और एक चांदी का ब्रेसलेट बरामद किया है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने डाढ़ा पंचायत भवन के अलावा चतरा, गिद्धौर और सिमरिया थाना क्षेत्रों के कई इलाकों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
पुराना रहा है आपराधिक इतिहास, अन्य की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्य आरोपी अजय कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई संगीन मामलों में शामिल रहा है। गिरोह के सदस्य सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों की पहले रेकी करते थे और फिर रात के अंधेरे में ताला चटकाकर कीमती सामान समेट लेते थे। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी फरार साथियों और चोरी का सामान खरीदने वाले नेटवर्क की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


