
Jamshedpur: दुर्गा पूजा के पावन त्योहार को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नकेल कसने के लिए गुरुवार को अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ऐहतेशाम वकारिब की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक समेत जिले भर के तमाम पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, मुकदमों की जांच में तेजी लाने और आम जनता से जुड़ी पुलिस सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।



लंबित मुकदमों के जल्द निपटारे का फरमान
एसएसपी डॉक्टर ऐहतेशाम वकारिब ने सभी जांच अधिकारियों को निर्देश दिया कि थानों में लंबित पड़े तमाम पुराने मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। इसके साथ ही कोर्ट से जारी वारंट और कुर्की आदेशों को दबाकर बैठने के बजाय तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। एसएसपी ने चरित्र सत्यापन और पासपोर्ट सत्यापन से जुड़े आवेदनों को भी गंभीरता से लेते हुए तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

त्योहार पर संवेदनशील इलाकों में रहेगी कड़ी नजर
दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सामाजिक सौहार्द और मजबूत कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है। शहर के सभी संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने साफ कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अफसरों को दो टूक शब्दों में हिदायत दी कि वे अपने-अपने इलाकों में अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखना और आम लोगों की जान-माल की हिफाजत करना पुलिस की पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


