
गयाजी: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को गयाजी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल की। उन्होंने प्रसिद्ध गया के तिलकुट की खरीदारी की और लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने बताया कि गया के तिलकुट को भौगोलिक संकेतक (GI) टैग दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जीआई रजिस्ट्री को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन महीने के भीतर तिलकुट को जीआई टैग मिल सकता है।

गया के तिलकुट को मिलेगी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि स्थानीय उत्पाद हमारी सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हुनर और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के प्रतीक हैं। गया का तिलकुट अपने विशिष्ट स्वाद और पहचान के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। इससे जुड़े कारीगरों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय उद्यमियों की आजीविका भी इस कारोबार पर निर्भर करती है।

उन्होंने बताया कि नाबार्ड के माध्यम से गया के तिलकुट को जीआई टैग दिलाने की दिशा में कार्रवाई की गई है। इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जीआई रजिस्ट्री को दस्तावेज सौंपे जा चुके हैं। उनके अनुसार, जीआई टैग मिलने से तिलकुट की विशिष्ट भौगोलिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिल सकती है।
इसके साथ ही स्थानीय उत्पादकों और कारीगरों को अपने उत्पादों के विपणन के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार विधानसभा में भी गया के तिलकुट को जीआई टैग देने का मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि इससे अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
फुटपाथ दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन का काम अंतिम चरण में
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को जिला अतिथि गृह सभागार में फुटपाथ दुकानदार संघ के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान संघ के सदस्यों ने उनका स्वागत और सम्मान किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि फुटपाथ दुकानदार शहर की अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा हैं। वे मेहनत से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और आम लोगों को जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराते हैं। इसलिए उनके हितों की रक्षा करना और कारोबार के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं के समाधान और उनके कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए नगर आयुक्त के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। इसी क्रम में मिर्जा गालिब मोड़ से गांधी मैदान तक फुटपाथ दुकानदारों के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने का काम लगभग पूरा होने वाला है।
वेंडिंग जोन तैयार होने से दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से दुकानें चलाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, शहर में यातायात और पैदल आवागमन को सुचारु बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
पीएम स्वनिधि योजना से दुकानदारों को मिली मदद
डॉ. प्रेम कुमार ने कोरोना महामारी के दौरान फुटपाथ दुकानदारों को हुई परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल पर पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से तीन किस्तों में ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई, जिससे दुकानदारों को अपना कारोबार दोबारा शुरू करने में सहायता मिली।
इस पर फुटपाथ दुकानदार संघ के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया। डॉ. प्रेम कुमार ने भरोसा दिलाया कि दुकानदारों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने के लिए आगे भी आवश्यक प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शहर का विकास इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे स्थानीय कारोबारियों के हितों की रक्षा के साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।


