
Bokaro: बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 23 पर उकरीद मोड़ के पास एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे पुल के नीचे जा गिरी। गनीमत रही कि हादसे के ठीक वक्त कार के दोनों एयरबैग खुल गए, जिसके चलते चालक की जान बाल-बाल बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार जिस रफ्तार से हवा में उछलते हुए पुल से नीचे गिरी, उससे किसी बड़े अनहोनी की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन चालक पूरी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया।

पुरुलिया से घर लौट रहा था चालक
मिली जानकारी के अनुसार बालीडीह रेलवे कॉलोनी के रहने वाले प्रदीप पुरुलिया से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह उकरीद मोड़ के समीप पहुंचे, सामने से अचानक एक बाइक आ गई। विपरीत दिशा से आ रही बाइक को टक्कर से बचाने की कोशिश में उन्होंने अचानक ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सीधे रेलिंग पार करते हुए पुल के नीचे जा गिरी।

पुलिस ने क्रेन की मदद से बाहर निकाली गाड़ी
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 12 थाना पुलिस भी फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस की निगरानी में क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को पुल के नीचे से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद चालक प्रदीप को कोई गंभीर चोट नहीं आई।


