
Palamu News: पलामू जिले के हुसैनाबाद में हुए बहुचर्चित छोटू सिंह उर्फ ओम प्रकाश सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जपला-दंगवार मुख्य पथ पर पुरेंद्र बीघा के पास अंजाम दी गई इस वारदात की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने एकौनी गांव के निवासी 24 वर्षीय आलोक यादव उर्फ दुर्लभ उर्फ नीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल एक लोडेड पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। हुसैनाबाद SDPO और IPS दिव्यांश शुक्ल ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम अब मुख्य साजिशकर्ताओं के गिरेबान तक पहुंच चुकी है।

72 घंटे की रिमांड में टूटा शूटरों का नेटवर्क, झाड़ियों से मिला मर्डर वेपन
इस पूरे मामले में बड़ा मोड़ तब आया जब केस के नामजद आरोपी मनीष यादव और बिहार के आरा निवासी सिटू सिंह ने NTPC खैरा थाने के एक अन्य मामले में औरंगाबाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद हुसैनाबाद पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपियों को 72 घंटे यानी तीन दिनों की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर मर्डर की साजिश रचने और घटना को अंजाम देने का जुर्म कबूल कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने एकौनी भट्ठा नहर के किनारे सड़क के पास बने कमरे के पास खजूर की झाड़ी से छुपाकर रखा गया लोडेड पिस्टल, मैगजीन और गोलियां बरामद कर विधिवत जब्त कर लीं।

SIT की रडार पर बाकी आरोपी, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज
बता दें कि बीते 2 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे कचरा गांव निवासी छोटू सिंह की पुरेंद्र बीघा के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता के बयान पर 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हुसैनाबाद थाने में FIR दर्ज की गई थी। कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया था। पुलिस ने अब पकड़े गए आरोपी आलोक यादव को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि केस में शामिल बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में SDPO दिव्यांश शुक्ल, थाना प्रभारी चंदन कुमार, अनुसंधानकर्ता छत्रधारी कुमार, देवरी OP प्रभारी राजू कुमार गुप्ता और ASI सत्येंद्र सिंह समेत पुलिस बल के जवान शामिल रहे।


