
Ramgarh : रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र अंतर्गत कर्मा पंचायत में घरेलू विवाद को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बड़े भाई लखन महतो ने फरसे से हमला कर अपने छोटे भाई कजरू महतो की हत्या कर दी। घटना की मुख्य वजह लखन महतो की बहू का कजरू महतो के घर आना-जाना बताया जा रहा है, जो लखन महतो को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर पहले लखन महतो का अपनी बहू से विवाद हुआ और फिर गुस्से में आकर उसने अपने छोटे भाई पर फरसे से जानलेवा वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मुखिया की सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार और हत्या में प्रयुक्त फरसा जब्त
घटना के तुरंत बाद कर्मा पंचायत के मुखिया ने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कुज्जू ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन महतो को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में इस्तेमाल किए गए फरसे को जब्त कर लिया है।

गांव में शोक और सन्नाटा, पुलिस कर रही आगे की कानूनी कार्रवाई
सगे भाई द्वारा भाई की हत्या किए जाने की इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे कर्मा पंचायत में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। इस खूनी वारदात से स्थानीय ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।


