
Giridih News: गिरिडीह शहर स्थित शास्त्री नगर दुर्गा मंडप में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर देर शाम भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस भक्ति जागरण में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा क्षेत्र ‘जय माता दी’ के जयकारों और भक्ति गानों से सराबोर हो उठा।

भजन गायक आकाश और परिचय की संगीतमय प्रस्तुति पर झूमे भक्त
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गिरिडीह के प्रसिद्ध भजन गायक आकाश और परिचय की जोड़ी रहे। दोनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक माता के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। “लाल लाल चुनरी सितारों वाली…’, ‘आज तेरा जगराता माता…, ‘बिगड़ी मेरी बना दे ओ शेरावाली…’ और ‘शेर पे सवार होके आजा शेरावालिये…’ जैसे भजनों पर पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु पूरी रात भक्तिभाव में लीन होकर झूमते रहे।

पूजा समिति ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, श्रद्धालुओं में बंटा प्रसाद
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ शास्त्री नगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक संजय कुमार सिन्हा, अध्यक्ष रंजीत सिन्हा, सचिव रंजय बरदियार, कोषाध्यक्ष कैलाश राम, अमर सिन्हा, रविशंकर वर्मा, सीताराम पासवान समेत सभी सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भजन गायकों को चुनरी ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। देर रात तक चले इस जागरण के समापन पर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।


