
Garhwa: गढ़वा जिले में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दुर्गा पूजा के पावन पर्व को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। इसी कड़ी में रमना थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक की अगुवाई में पुलिस टीम ने रमना थाना क्षेत्र के बहरइया गांव के जंगली इलाकों में अचानक ताबड़तोड़ छापेमारी की।

9 ड्रम जावा महुआ बरामद और भट्ठी तबाह

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस सुनसान इलाके में अवैध रूप से शराब बनाने का बड़ा खेल चल रहा है। जब पुलिस ने मौके पर धावा बोला, तो उनके भी होश उड़ गए। वहां अवैध शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया करीब 900 किलोग्राम जावा महुआ 9 बड़े ड्रमों में भरा हुआ मिला। पुलिस ने बिना देर किए मौके पर ही उस पूरे सामान और अवैध भट्ठी को पूरी तरह से विनष्ट कर डाला।
कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा
गढ़वा पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध शराब का निर्माण, स्टोरेज और बिक्री किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जाएगी। इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों की अब खैर नहीं है, उनके खिलाफ कड़े नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


