
Gumla: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित पाकर टोली में एक नाबालिग लड़की द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पार्वती के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल है। बताया जा रहा है कि पार्वती अपनी महज आठ साल की छोटी बहन के साथ घर पर अकेली रहती थी, जबकि उसके माता-पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करने गए हुए हैं।

अंदर से बंद कमरे में लटकती मिली लाश


ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब नौ बजे दोनों बहनें रोजाना की तरह खाना खाकर सो गई थीं। रविवार की सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और भीतर से छोटी बहन के लगातार रोने की आवाजें आने लगीं, तो आसपास के पड़ोसी मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बाहर से बच्ची को समझा-बुझाकर किसी तरह दरवाजे की कुंडी खुलवाई। दरवाजा खुलते ही जैसे ही लोग कमरे में दाखिल हुए, सबके होश उड़ गए। पार्वती एल्युमिनियम शीट वाली छत के पाइप से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई थी।
जांच में जुटी घाघरा पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह को दी। पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। हालांकि, लड़की ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है।


