
Giridih: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गिरिडीह के पूर्व भाजपा विधायक निर्भय शाहबादी रविवार को पीरटांड़ इलाके के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के कई प्रमुख पूजा पंडालों का भ्रमण किया और मां दुर्गा के अष्टम स्वरूप माता महागौरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूर्व विधायक ने हरलाडीह, खुखरा, चिरकी और पालगंज स्थित दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मत्था टेका और पूरे राज्य व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

सेल्फी लेने की मची होड़, महिलाओं ने लिया आशीर्वाद
पूजा पंडालों के भ्रमण के दौरान पूर्व विधायक को अपने बीच पाकर स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। पंडाल परिसरों में बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं युवतियों और युवाओं में पूर्व विधायक के साथ सेल्फी लेने की होड़ नजर आई। निर्भय शाहबादी ने भी पूरी आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।

माता जगदम्बे की कृपा सब पर बनी रहे
श्रद्धालुओं से बातचीत करते हुए पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी ने सभी को शारदीय नवरात्र की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्र का यह महापर्व हर किसी के जीवन में नई खुशियां, सकारात्मक ऊर्जा और उमंग लेकर आता है। उन्होंने प्रार्थना की कि मां जगदम्बे का आशीर्वाद सदैव हर परिवार पर बना रहे और समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि का वास हो।


