
Giridih : गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगसो गांव में रविवार की शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा पेश आया। दुर्गापूजा के पावन मौके पर घर में प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में 26 वर्षीय कविता देवी और उनके देवर की पांच साल की मासूम बच्ची शीतल कुमारी की जान चली गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक त्योहार की रौनक थी, वहां पल भर में मातम पसर गया।

जोरदार धमाके से थर्राया पूरा गांव


मिली जानकारी के अनुसार सिलेंडर में आग लगते ही आसपास मौजूद लोग सतर्क होने की कोशिश कर ही रहे थे कि सिलेंडर भयानक आवाज के साथ फट पड़ा। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि सिलेंडर सीधे दरवाजे की चौखट से टकराया और पास खड़ी चाची-भतीजी दोनों गंभीर रूप से इसकी चपेट में आ गईं। पांच साल की नन्हीं शीतल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, वहीं बुरी तरह घायल कविता देवी को जब धनवार रेफरल अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब उन्होंने रास्ते में ही अंतिम सांस ली। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि पूरा गांव दहल उठा और लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका कविता देवी अपने पीछे पति वैद्यनाथ विश्वकर्मा और एक नन्हे बच्चे को बिलखता छोड़ गई हैं। एक ही झटके में घर की बहू और पांच साल की लाडली के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूजा के माहौल के बीच घटी इस अप्रत्याशित घटना ने पूरे गांव के लोगों को भीतर तक झकझोर कर रख दिया है।
मौके पर पहुंची पुलिस, परिजनों का पोस्टमार्टम से इनकार
हादसे की सूचना मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ फौरन गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए पूरी घटना की जानकारी ली। बेहद गमगीन माहौल के बीच परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। दुर्गापूजा के उत्सव के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है।


