
Dhanbad: धनबाद पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। रंगदारी, हत्या और कोयला कारोबारियों को धमकाने के कई मामलों में लंबे समय से वांटेड बंटी खान को पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया है, जहां पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।

निशानदेही के दौरान फहीम खान के परिजनों ने किया हमला
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी बंटी खान को उसके बयान के आधार पर ठिकानों की निशानदेही कराने के लिए शहर की सड़कों से पैदल ले जा रही थी, तभी अचानक भारी बवाल हो गया। बंटी को देखते ही विरोधी गैंगस्टर फहीम खान के बेटे, दामाद और अन्य परिजनों ने उस पर हमला बोल दिया और मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने खुलेआम आरोप लगाया कि प्रिंस खान और बंटी खान महज अपराधी नहीं बल्कि ‘आतंकवादी’ हैं, जिनके खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। मौके पर तैनात पुलिस बल ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और बंटी को सुरक्षित घेरे में लेकर बाहर निकाला।

जाली पासपोर्ट से विदेश भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से विदेश भागने की योजना बना रहा था। उसका मकसद खाड़ी देश में छिपे अपने भाई प्रिंस खान के पास पहुंचना था। प्रिंस खान लंबे समय से विदेश में बैठकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर धनबाद के व्यापारियों को रंगदारी के लिए धमकाने, हत्या की सुपारी देने और पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती देने के मामलों में मोस्ट वांटेड है।
जेल से छूटते ही पुलिस की रडार पर था बंटी खान
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मार्च 2022 में उत्तर प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन से बंटी खान को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। करीब चार साल जेल में रहने के दौरान उस पर कई नए मामले भी दर्ज हुए थे। सुरक्षा कारणों से उसे धनबाद जेल से मधुपुर उपकारा स्थानांतरित किया गया था। अलग-अलग मामलों में जमानत मिलने के बाद इसी वर्ष जनवरी में वह जेल से बाहर आया था। रिहाई के बाद से ही धनबाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और जैसे ही उसके विदेश भागने की साजिश की भनक लगी, पुलिस ने कोलकाता में दबिश देकर उसे दबोच लिया।


