
Bokaro: बोकारो में नियोजन की मांग को लेकर विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित परिवारों की भूख हड़ताल पिछले 10 दिनों से लगातार जारी है। प्रबंधन के साथ वार्ता विफल होने के बाद आंदोलनकारियों ने आंदोलन को और तेज करने की घोषणा की है। इसी बीच बोकारो के उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा आंदोलन स्थल पर पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे विस्थापितों तथा कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह का हाल-चाल जाना। DC ने गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए आंदोलनकारियों से अस्पताल में भर्ती होने की अपील की, लेकिन विधायक श्वेता सिंह ने अस्पताल जाने से साफ इनकार कर दिया।

हाईकोर्ट याचिका और गेट जाम मामले पर जिला प्रशासन का रुख
बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के गेट जाम किए जाने के मामले को हाईकोर्ट में चुनौती देने के सवाल पर DC अजय नाथ झा ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि BSL का गेट जाम होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुद ही गेट खुलवा दिया था। प्रबंधन के हाईकोर्ट जाने से पहले ही जिला प्रशासन ने अपनी स्तर से आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली थी।

BSL प्रबंधन को DC की नसीहत, कहा- विस्थापित भी बोकारो स्टील परिवार का हिस्सा
उपायुक्त ने बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन को आंदोलनकारी विस्थापितों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विस्थापित भी बोकारो स्टील परिवार का ही एक हिस्सा हैं, इसलिए प्रबंधन को बड़ा दिल दिखाते हुए समाधान निकालने की दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए। लगातार बातचीत के जरिए ही इस आंदोलन का कोई सम्मानजनक रास्ता निकाला जा सकता है।


