
Kranti Gaud: भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला टी20 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया, लेकिन इस मुकाबले के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ से हुई एक गलती अब चर्चा में है। ICC ने आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के मामले में क्रांति पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

आउट करने के बाद पवेलियन की ओर किया इशारा
दरअसल, फाइनल मुकाबले में क्रांति गौड़ ने श्रीलंका की सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी को आउट किया था। विकेट लेने के बाद उन्होंने बल्लेबाज को पवेलियन की ओर इशारा किया। ICC के मुताबिक यह ऐसा व्यवहार था, जो बल्लेबाज को अपमानित कर सकता था या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसा सकता था।

यह मामला ICC आचार संहिता के नियम 2.5 के तहत आया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी बल्लेबाज को आउट करने के बाद अपमानजनक भाषा, कार्रवाई या इशारे से जुड़ा है।
क्रांति ने अपनी गलती मानी
ICC ने बताया कि क्रांति ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी सुप्रिया रानी दास की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है, इसलिए उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है।
लेवल-1 के इस तरह के उल्लंघन में आधिकारिक फटकार से लेकर मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक की सजा हो सकती है।
पाकिस्तान की टीम पर भी लगा जुर्माना
इसी बीच पाकिस्तान की महिला टीम पर भी ICC ने जुर्माना लगाया है। श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में एक ओवर कम कर पाई थी। धीमी ओवर गति के कारण टीम के खिलाड़ियों पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
यह कार्रवाई ICC आचार संहिता के नियम 2.22 के तहत की गई। मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी ने सजा सुनाई, जबकि पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया।


